मुख्य मार्ग की बदहाली से ग्रामीणों में भारी आक्रोश, बारिश होते ही बंद हो जाता है रास्ता
सीतापुर। ब्लॉक रामपुर मथुरा के अंतर्गत ग्राम पंचायत चिखड़ी में मुख्य मार्ग की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के बीच से गुजरने वाला मुख्य खड़ंजा मार्ग लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ है। हल्की बारिश होते ही रास्ते पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित ब्लॉक अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है। इसके अलावा 1076 हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अभी तक नहीं हो सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र बाढ़ प्रभावित होने के कारण पहले से ही लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में मुख्य मार्ग के खराब होने से ग्रामीणों को गांव से बाहर आने-जाने में भारी दिक्कत होती है। ?से अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार बच्चे स्कूल जाने के लिए तैयार होकर घर से निकलते हैं, लेकिन रास्ते में कीचड़ और फिसलन के कारण गिर जाते हैं। कपड़े खराब होने के साथ-साथ बच्चों को चोट भी लगने का खतरा बना रहता है। रास्ते की स्थिति के कारण कई बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते, जिससे उन्हें विद्यालय में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए मुख्य मार्ग की समस्या का जल्द से जल्द स्थायी निवारण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों
को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें मजबूर होकर उच्च अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रखने के लिए आगे बढ़ना पड़ेगा।
रिपोर्ट: सुनील सिंह
ब्यूरो चीफ, सीतापुर
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें